गाजियाबाद : 31 / अक्टूबर / 2026 : दीपावली के त्योहार से पहले अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपराध शाखा की आपरेशनल टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कोतवाली नगर क्षेत्र के सूर्या एन्क्लेव चौकी अंतर्गत सिविल लाइन इलाके में एक दुकान और गोदाम पर छापा मारकर अवैध पटाखों के कारोबार का पर्दाफाश किया है।

इस दौरान दुकान और गोदाम के मालिक सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 80 प्लास्टिक के बोरों में भरे अलग-अलग प्रकार के कुल 18 क्विंटल 72 किलो 800 ग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं।
इसके अलावा पटाखों की बिक्री के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सूर्या एन्क्लेव चौकी क्षेत्र के सिविल लाइन इलाके में एक दुकान और गोदाम में भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण कर उनकी बिक्री की जा रही है।
सूचना के आधार पर अपराध शाखा की आपरेशनल टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अशोक कुमार (53), उसके बेटे ऋषभ गुप्ता (23) और अनंत गुप्ता (21) के रूप में हुई है। तीनों नासिरपुर फाटक के पास, थाना सिहानी गेट क्षेत्र के निवासी हैं। नमकीन कारोबार की आड़ में छिपाया था पटाखों का धंधा पुलिस की पूछताछ में मुख्य आरोपित अशोक कुमार ने बताया कि दुकान और गोदाम उसी के हैं तथा परिवार नमकीन का कारोबार करता है।
इसी कारोबार की आड़ में दीपावली के त्योहार को देखते हुए पटाखों की अवैध बिक्री की जा रही थी। आरोपित के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में पटाखों के भंडारण और बिक्री पर प्रतिबंध के चलते उन्होंने चोरी-छिपे पटाखे बेचकर अधिक मुनाफा कमाने की योजना बनाई थी।
इसके लिए तमिलनाडु से पटाखे मंगवाकर दुकान और गोदाम में बिक्री के उद्देश्य से जमा किए गए थे। पुलिस के अनुसार, इस कारोबार में अशोक कुमार के साथ उसके दोनों बेटे ऋषभ और अनंत भी शामिल थे।
थाने में मुकदमा दर्ज, वैधानिक कार्रवाई जारी पुलिस ने मौके से बरामद 18 क्विंटल 72 किलो 800 ग्राम पटाखों और इलेक्ट्रॉनिक तराजू को कब्जे में ले लिया है। मामले में थाना कोतवाली नगर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पूरी कार्रवाई अपराध शाखा पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद की आपरेशनल टीम ने की।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।







