शिकारपुर : 19 / नवंबर / 2026 : शिकारपुर क्षेत्र की सड़कों पर बेलगाम दौड़ रहे गन्ने से लदे विशालकाय ओवरलोड ट्राले अब आम जनता के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। इन ट्रालों के कारण आए दिन सड़क पर जाम लगने के साथ बड़े हादसे हो रहे हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन महाकाल ने मोर्चा खोल दिया है।

यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. उपेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर ओवरलोड और विशालकाय गन्ना ट्रालों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने पत्र में बताया कि साबितगढ़ चीनी मिल के गन्ना केंद्रों से गन्ना ढोने वाले इन ट्रालों की वजह से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में कई बार शासन और प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पत्र में आरोप लगाया कि जब उन्होंने ट्राला ठेकेदारों से इस संबंध में बातचीत की तो ठेकेदारों ने कथित तौर पर कहा कि वे प्रशासन और आरटीओ को पैसा देते हैं, इसलिए उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इस कथित बयान के बाद परिवहन विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
डॉ. उपेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेकर ओवरलोड ट्रालों पर तत्काल कार्रवाई कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन पर रोक नहीं लगाई गई तो भारतीय किसान यूनियन महाकाल सड़कों पर उतरकर उग्र धरना-प्रदर्शन करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










