बुलंदशहर : 8 / अगस्त / 2025 : गुलावठी कोतवाली क्षेत्र में एक मुस्लिम दंपति ने इंसानियत की अनूठी मिसाल पेश की है। फहीमुद्दीन और उनकी पत्नी शमीना ने एक नवजात शिशु की जान बचाई, जिसे पॉलीथिन में बंद कर सड़क किनारे फेंक दिया गया था। घटना बीती रात करीब 11 बजे की है। कुराना नया बांस के रहने वाले फहीमुद्दीन अपनी पत्नी शमीना के साथ औरंगाबाद से बाइक पर लौट रहे थे। असावर से ऐंचाना के बीच सड़क किनारे उन्होंने देखा कि एक कुत्ता झाड़ी से पॉलीथिन को खींचकर ले जाने का प्रयास कर रहा था। फहीमुद्दीन को कुछ अजीब लगा तो उन्होंने बाइक रोकी और कुत्ते को भगाकर पॉलीथिन के पास पहुंचे। उन्होंने देखा कि पॉलीथिन हिल रही थी और उसमें एक नवजात बच्चा था। दंपति तुरंत बच्चे को लेकर डॉक्टर के पास गए। चेकअप के बाद वे बच्चे को अपने घर ले आए। सुबह होने पर उन्होंने पूर्व प्रधान के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दंपति को कोतवाली बुलाकर बच्चे को चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया। नवजात लड़का एक या दो दिन का है और पूरी तरह स्वस्थ है। शमीना पांच बच्चों की मां हैं, लेकिन जब चाइल्ड लाइन वाले नवजात को उनसे लेने लगे तो वह रोने लगीं। बच्चे से बिछड़ते देख वह बेहद परेशान हो गईं। इस घटना की जानकारी मिलने पर लोगों ने नवजात को इस तरह सड़क पर फेंकने की कड़ी निंदा की है। कुछ लोगों का मानना है कि यह किसी अविवाहित मां का बच्चा हो सकता है। फहीमुद्दीन और शमीना की इस नेक पहल की हर कोई सराहना कर रहा है। उन्होंने समय पर बच्चे को बचाकर मानवता का परिचय दिया है।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












