बुलंदशहर : 13 / मार्च / 2026 : बुलंदशहर में भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के जिला संरक्षक चौधरी कुलदीप गुड्डू के नेतृत्व में आज 12 मार्च 2026 को सुबह 11:30 बजे से जिला कलेक्ट्रेट गेट पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू हो गया। धरने में जिले भर से पहुंचे सैकड़ों किसान व कार्यकर्ता मौजूद रहे। किसान नेताओं ने बताया कि कई बार ज्ञापन देने और शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, जिसके चलते मजबूर होकर धरना शुरू किया गया है।
प्रमुख मांगे
नोएडा फिल्म सिटी से होकर प्रस्तावित लिंक गंगा एक्सप्रेसवे के लिए खुर्जा और शिकारपुर तहसील के कई गांवों की जमीन अधिग्रहित की जा रही है। किसानों ने सर्किल रेट में 20% वृद्धि की मांग की है। साथ ही बुलंदशहर-शिकारपुर मार्ग और खुर्जा-अलीगढ़ मार्ग पर चढ़ने-उतरने के लिए इंटरचेंज/रास्ता देने की मांग की गई है, ताकि आसपास के गांवों को लाभ मिल सके।
ऊंचा गांव ब्लॉक के कार्यकर्ता प्रदीप कुमार पर दर्ज मुकदमा समाप्त करने और एडीओ पंचायत पर कार्रवाई तथा स्थानांतरण की मांग की गई। किसानों का आरोप है कि भ्रष्टाचार छिपाने के लिए साजिशन मुकदमा दर्ज कराया गया।

गांव बेगमपुर जयरामपुर के कार्यकर्ता नरेंद्र कुमार सहित अन्य पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई गई।
गांव याकूबपुर में श्मशान घाट के पास बनाई जा रही अन्नपूर्णा राशन दुकान को अन्य स्थान पर स्थापित करने की मांग की गई, ताकि महिलाओं को असुविधा न हो।
दुर्घटना पीड़ित को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को ₹25,000 प्रोत्साहन राशि देने वाली राहवीर योजना को जिले में लागू करने और जिम्मेदार अधिकारियों की नियुक्ति की मांग की गई।
किसानों ने आरोप लगाया कि कई फैक्ट्रियां, दूध प्लांट और भट्टे बिना एनओसी के चल रहे हैं तथा केमिकल को जमीन में डालकर जल प्रदूषण फैला रहे हैं। ऐसे संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

धरने में धर्मवीर सिंह गुड्डू, लोकेश राघव, शेलू ठाकुर, प्रदीप कुमार, डॉ. नईम, धीरज चौहान, सुदेश प्रधान, जितेंद्र चाहर, इस्तकार खान, नरेंद्र राव सहित कई किसान नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।
किसान नेताओं ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने तक धरना जारी रहेगा। साथ ही कलेक्ट्रेट गेट पर बड़ी महापंचायत आयोजित करने की भी चेतावनी दी गई है।
किसानों ने नारे लगाते हुए कहा — “जय जवान, जय किसान” और “भारतीय किसान यूनियन जिंदाबाद”।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












