बुलंदशहर पुलिस ने ट्रांसफार्मर और बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार

बुलंदशहर : 14 / मई / 2026 :  बुलंदशहर  जिले में ट्रांसफार्मर और बिजली तार चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए नरसेना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त अभियान में पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कॉपर तार, चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, अवैध असलाह और कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बिजली ट्रांसफार्मर और तार चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पूछताछ में गिरोह के सदस्यों ने कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

बताया जा रहा है कि आरोपी सुनसान इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाकर कॉपर तार चोरी करते थे, जिससे बिजली विभाग को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार बदमाशों पर चोरी, गैंगस्टर समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment