Home » बुलंदशहर » खुर्जा में विवाहिता पर बेरहमी की इंतहा, पति ने एयर राइफल की बट से किया हमला

खुर्जा में विवाहिता पर बेरहमी की इंतहा, पति ने एयर राइफल की बट से किया हमला

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

खुर्जा : 30 / मई / 2026 :  बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के गांव आबदानगर (माजरा बैरौली) में घरेलू हिंसा का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी को जमीन पर गिराकर एयर राइफल की बट से बेरहमी से पीटा, जिससे उसके कई दांत टूट गए और जबड़े में गंभीर चोट आई। घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ जनपद के ग्राम घासीपुर निवासी नूर निशा की पुत्री सानिया मिर्जा का विवाह करीब तीन वर्ष पहले आबदानगर निवासी आमिर पुत्र गुल मोहम्मद के साथ हुआ था। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही आमिर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था तथा दहेज की मांग को लेकर लगातार परेशान करता था।

 

परिजनों के मुताबिक 27 मई की सुबह करीब 9 बजे सानिया घर का काम कर रही थी, तभी आमिर हाथ में एयर राइफल लेकर पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने सानिया को जमीन पर गिराकर एयर राइफल की बट से मुंह और सिर पर कई वार किए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह महिला को बचाया। बाद में उसके मायके वालों को सूचना दी गई।

पीड़िता के भाई सोहिल ने बताया कि विवाह के समय आमिर ने स्वयं को सेना में कार्यरत बताया था, जो बाद में गलत साबित हुआ। उनका आरोप है कि आरोपी ने कुछ समय पहले काम छोड़ दिया और पत्नी के गहने व पैसे बेचकर मकान बनवा लिया। उन्होंने बताया कि हमले में सानिया का जबड़ा दोनों ओर से प्रभावित हुआ है और उसके कई दांत टूट गए हैं।

पीड़िता की ओर से खुर्जा नगर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। पुलिस ने महिला का चिकित्सीय परीक्षण कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

खुर्जा क्षेत्राधिकारी शोभित कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो और प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना में प्रयुक्त वस्तु राइफल नहीं बल्कि एयर राइफल थी। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment