नई दिल्ली : 4 / जून / 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 जून को गुजरात के सूरत और केंद्र शासित प्रदेश दमन के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे 21,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य सड़क, हवाई, बंदरगाह और क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था को मजबूत बनाना है।
सूरत में प्रधानमंत्री लगभग 18,800 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, राष्ट्र को समर्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वे 8-लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के प्रमुख पैकेज राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिससे गुजरात और महाराष्ट्र के बीच यात्रा समय में कमी आएगी तथा व्यापार और परिवहन को गति मिलेगी।

प्रधानमंत्री एनएच-56 के महत्वपूर्ण खंडों को चार-लेन बनाने की परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे। यह परियोजना जनजातीय क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी और विश्व प्रसिद्ध स्टेचू ऑफ़ यूनिटी तक पहुंच को और सुगम बनाएगी।
इसके बाद प्रधानमंत्री दमन पहुंचेंगे, जहां वे लगभग 2,970 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर वे नमो हवाई अड्डा के नए टर्मिनल भवन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिससे क्षेत्र में हवाई संपर्क और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
दमन कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री लक्षद्वीप के लिए 885 करोड़ रुपये की बंदरगाह विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इन परियोजनाओं से द्वीप क्षेत्र में समुद्री परिवहन, व्यापार और पर्यटन सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
प्रधानमंत्री के इस दौरे को देश के बुनियादी ढांचे के विकास और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे गुजरात, दमन और लक्षद्वीप सहित कई क्षेत्रों के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












