खुर्जा/बुलंदशहर : 24/ जुलाई / 2026 : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद में सरकारी प्राथमिक विद्यालय के प्रबंधन की बेहद गंभीर लापरवाही सामने आई है। खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के गांव दीनोल स्थित प्राथमिक विद्यालय में स्कूल की छुट्टी के बाद तीसरी कक्षा के एक मासूम बच्चे को कथित तौर पर विद्यालय परिसर के अंदर ही बंद करके स्कूल प्रबंधन अपने घर चला गया। काफी देर तक बच्चा स्कूल के अंदर बंद रहा और रोता-बिलखता रहा।
बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर के आसपास मौजूद ग्रामीणों को जब बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी तो उन्होंने मामले की जानकारी की। आवाज स्कूल के अंदर से आने की पुष्टि होने पर ग्रामीणों ने विद्यालय का गेट खोलने का प्रयास किया, लेकिन जब गेट नहीं खुला तो मजबूरन गेट तोड़कर बच्चे को बाहर निकाला गया।
स्कूल से बाहर आने के बाद बच्चा बेहद सहमा हुआ था और उसका रो-रोकर बुरा हाल था। मासूम को इस तरह स्कूल के अंदर बंद छोड़ दिए जाने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल की छुट्टी के बाद विद्यालय परिसर को बंद करने से पहले यह सुनिश्चित करना स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि कोई भी बच्चा स्कूल के अंदर न रह जाए। ऐसे में मासूम बच्चे को विद्यालय के अंदर बंद करके चले जाना बेहद गंभीर लापरवाही है।
फिलहाल इस घटना ने सरकारी विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा और स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों और ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी मासूम बच्चे के साथ ऐसी घटना दोबारा न हो।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












