Home » उत्तर प्रदेश » शहीद बंधू सिंह की 168वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, टप्पू भैया ने लिया विकास का संकल्प

शहीद बंधू सिंह की 168वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, टप्पू भैया ने लिया विकास का संकल्प

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

चौरी-चौरा : 14 / अगस्त / 2026 :  1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में क्रांतिकारियों के प्रेरणास्रोत अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की 168वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को चौरी-चौरा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान अजय कुमार सिंह ‘टप्पू भैया’ ने क्षेत्र में स्थापित शहीद बंधू सिंह की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

अजय कुमार सिंह ने सुबह आर्य नगर, तरकुलहा माता मंदिर, शहीद स्मारक चौरी-चौरा तथा शहीद बंधू सिंह पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, करमहा-सरदार नगर पहुंचकर प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद कॉलेज के सभागार में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्राचार्य लल्लन द्विवेदी इंटर कॉलेज, ब्रह्मपुर के प्रद्युम्न द्विवेदी रहे। प्रेम नारायण सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पंडित राजकुमार व्यास ने किया। सभा को धनंजय सिंह कौशिक, सुभाष पासवान एडवोकेट, अरुण कुमार सिंह, मोहम्मद यासीन, जय हिंद चौधरी, रामाज्ञा वर्मा, धनंजय सिंह सोनबरसा बाबू, पन्ने लाल राजभर सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।

सभा को संबोधित करते हुए अजय कुमार सिंह ‘टप्पू भैया’ ने कहा कि अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की गौरवशाली विरासत और उनके संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अपने दिवंगत बड़े भाई विनय कुमार सिंह ‘बिन्नू भैया’ को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भी शहीद बंधू सिंह की विरासत को जन-जन तक पहुंचाने और चौरी-चौरा के विकास के लिए लगातार प्रयास किया था।

उन्होंने कहा कि अपने भाई के प्रयासों और शहीद बंधू सिंह के जीवन से प्रेरणा लेकर वह चौरी-चौरा के विकास और क्षेत्र की अधूरी अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए कार्य करने का संकल्प ले चुके हैं।

अजय कुमार सिंह ने कहा कि वह 2027 के विधानसभा चुनाव में चौरी-चौरा से चुनाव मैदान में उतरने का निर्णय ले चुके हैं। उन्होंने क्षेत्र के विकास, औद्योगिक गतिविधियों, खेल सुविधाओं और स्थानीय समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि चौरी-चौरा के विकास के लिए स्थानीय स्तर पर मजबूत नेतृत्व और जवाबदेही जरूरी है।

उन्होंने क्षेत्र में जाति, धर्म और पार्टी आधारित राजनीति के बजाय विकास के मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही नगर पंचायत चौरी-चौरा में रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या, प्रस्तावित ओवरब्रिज तथा मुंडेरा बाजार से जुड़े मुद्दों को भी उठाया।

टप्पू भैया ने स्थानीय स्तर पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता का आशीर्वाद मिलने पर थाना, तहसील और ब्लॉक स्तर पर कथित दलाली की व्यवस्था को खत्म करने के लिए पूरी ताकत से काम किया जाएगा।

कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने अमर शहीद बाबू बंधू सिंह के त्याग, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment