गोरखपुर : 14 / अगस्त / 2026 : सिकरीगंज थाना क्षेत्र में एक बालक के कथित अपहरण और उसके बदले एक लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर बालक को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस की जांच में सामने आया कि बालक ऑनलाइन गेम खेलने का आदी था और गेम में पैसा लगाने के लिए उसने खुद के अपहरण की झूठी कहानी रची थी। उसने अपने पिता के मोबाइल पर एआई से तैयार की गई तस्वीरें भेजकर एक लाख रुपये की मांग की थी।

पुलिस के अनुसार, सिकरीगंज क्षेत्र में एक व्यक्ति ने थाने पर सूचना दी कि उसका भांजा घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा है। इसी बीच बालक के मोबाइल फोन से उसके पिता के मोबाइल पर कुछ तस्वीरें भेजी गईं और एक लाख रुपये की मांग की गई। मामला अपहरण और फिरौती से जुड़ा होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सिकरीगंज आशीष कुमार दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया। पुलिस ने बालक के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगालने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस की तत्परता के चलते महज दो घंटे के भीतर बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में बालक ने पुलिस को बताया कि वह ऑनलाइन गेम खेलने का आदी है और गेम में पैसा लगाने के लिए उसे रुपये की जरूरत थी। इसके लिए उसने अपने अपहरण की कहानी गढ़ी और खुद को अपहृत बताकर पिता से एक लाख रुपये की मांग की। इसके लिए उसने एआई की मदद से ऐसी तस्वीरें तैयार कराईं, जिससे उसके अपहरण का भ्रम पैदा हो सके। तस्वीरें पिता के मोबाइल पर भेजने के बाद फिरौती की रकम मांगी गई थी।
बालक के सकुशल बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे नियमानुसार उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिवार ने राहत की सांस ली।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










