बुलंदशहर : 10 / अक्टूबर / 2026 : नवरात्रि पर्व से पहले शिवसेना के पदाधिकारियों और शिवसैनिकों ने जिला कार्यालय पर एकत्र होकर विभिन्न मांगों को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने काला आम क्षेत्र में सरकारी जमीन पर बनी मजारों को हटाने, मंदिरों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती कराने और नवरात्रि के दौरान मांस की दुकानों को बंद कराने की मांग उठाई।

शिवसेना जिलाध्यक्ष सर्वेश राणा ने आरोप लगाया कि काला आम क्षेत्र में सरकारी जमीन पर बनी मजारों के आसपास महिलाओं के साथ अनुचित व्यवहार और धर्मांतरण की गतिविधियां होती हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जिला प्रशासन को पहले भी अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई करने और संबंधित निर्माणों के संबंध में उचित कदम उठाने की मांग की।
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीलम भाटी और वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष उषा राजपूत ने कहा कि नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए जाती हैं। ऐसे में मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए। उन्होंने मंदिरों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती कराने की मांग की, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में पूजा कर सकें।

प्रदेश सचिव राजकुमार गिरी और वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सुधीर सैनी ने नवरात्रि के दौरान मांस की दुकानों को बंद कराने की मांग उठाई। उन्होंने डीएम रोड, बलीपुरा रोड, शिकारपुर रोड, अनूपशहर रोड, भूड़ रोड और स्याना रोड सहित विभिन्न मार्गों पर मांस की दुकानों और कटान से संबंधित गतिविधियों का मुद्दा उठाते हुए प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाने की अपील की।
इस अवसर पर शिवसेना जिलाध्यक्ष सर्वेश राणा, प्रदेश सचिव राजकुमार गिरी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीलम भाटी, जिला प्रभारी सरोज रानी, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष उषा राजपूत, जिला महासचिव बबलू गिरी, जिला सचिव राहुल गुप्ता, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सुधीर सैनी, जिला महामंत्री मनीष लोधी, अजय लोधी, सोनू कुमार सहित अन्य शिवसैनिक मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










