खुर्जा : 15 / फरवरी / 2026 : महाशिवरात्रि के पावन पर्व आज दिन रविवार को खुर्जा नगर के ऐतिहासिक एवं सुप्रसिद्ध सिद्धेश्वर मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच हजारों की संख्या में कावड़ियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने बाबा सिद्धेश्वर का जलाभिषेक कर पुण्य लाभ कमाया। शिवालय के कपाट खुलते ही दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई। देखते ही देखते मंदिर परिसर से बाहर दूर तक लंबी कतारें लग गईं।
अपनी बारी का इंतजार कर रहे भक्त घंटों लाइन में लगे रहे, लेकिन बाबा के दर्शन की लालसा में उनके उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आई। इस दौरान कई कावड़िये दंडोति (लेटकर) लगाते हुए और डाक कावड़ लाते हुए भी दिखाई दिए, जो आकर्षण का केंद्र रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष के शिवलिंग पर गंगाजल और दूध,शहद, घी और दही
बेलपत्र, धतूरा और पुष्प आदि अर्पित कर बाबा का विधि-विधान से पूजन किया और सुख-समृद्धि की कामना की।
सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। मंदिर के हर कोने और भीड़ वाले रास्तों पर पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, नगरपालिका परिषद द्वारा मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई एवं पार्किंग की व्यवस्था की गई। मंदिर सेवादारों ने भी व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग दिया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर मार्ग पर एक छोटे मेले का आयोजन किया गया। दर्शन के पश्चात श्रद्धालुओं, विशेषकर बच्चों और महिलाओं ने मेले का जमकर आनंद लिया।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












