खुर्जा : 18 / मार्च / 2026 : खुर्जा नगर के दूर-दूर तक विख्यात श्री नवदुर्गा शक्ति मंदिर में चैत्र मास नवरात्रि महोत्सव 2026 की तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। गुरुवार प्रातः से ही मंदिर में माता रानी के दर्शन के लिए दूर-दराज से श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाएगा। मंदिर के आजीवन सचिव रोहित अग्रवाल ने बताया कि मंदिर की ख्याति अब केवल आसपास के क्षेत्रों तक सीमित नहीं रही, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों तक फैल चुकी है। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में भक्त माता रानी के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान भक्तों को पूरे दिन दर्शन की सुविधा मिलेगी। प्रसिद्ध संकीर्तन मंडलों द्वारा भव्य भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए जाएंगे तथा मंदिर को विशेष सजावट और फूल बंगले से सजाया जाएगा। मंदिर में माता रानी की भव्य प्रतिमा के साथ भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता के दर्शन कराते हनुमान जी का विशाल विग्रह भी स्थापित है, जिसमें हनुमान जी के हृदय में राम दरबार विराजमान है। इसके अलावा मंदिर परिसर में शिव परिवार तथा राधा-कृष्ण की आकर्षक प्रतिमाएं भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र हैं।

मंदिर समिति के प्रधान देवेश कौशिक ने बताया कि चैत्र नवरात्रि महोत्सव 2026 का आयोजन हनुमान जन्मोत्सव तक धूमधाम से किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि मंदिर में महंगे आभूषण पहनकर न आएं और अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
उन्होंने यह भी बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी मंदिर समिति द्वारा पुलिस प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि भक्तजन सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से दर्शन कर सकें। नवरात्रि के इस पावन अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है तथा भक्त माता रानी के जयकारों के साथ मंदिर पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












