बुगरासी : 25 / अप्रैल / 2026 : थाना नरसेना क्षेत्र के गांव नरेन्द्रपुर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए 12 वर्षीय बालक गणेश का एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। बच्चे के नहीं मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरेन्द्रपुर निवासी जीत का 12 वर्षीय पुत्र गणेश करीब सात दिन पहले अचानक घर से बिना बताए निकल गया था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। परिजनों के मुताबिक गणेश की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, जिससे उनके लिए चिंता और भी बढ़ गई है।

घटना के बाद से ही परिवार के लोग और रिश्तेदार लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
गणेश के लापता होने के बाद परिवार का माहौल पूरी तरह गमगीन है। परिजन लगातार प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं और जल्द से जल्द बच्चे की बरामदगी की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से अपील की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए खोज अभियान तेज किया जाए, ताकि मासूम गणेश को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।
![]()
