बरहाना-ढेरा मार्ग पर प्रतिबंधित लकड़ी का धड़ल्ले से कटान, माफिया बेखौफ

बुगरासी : 25 / अप्रैल / 2026 : बरहाना-ढेरा मार्ग पर प्रतिबंधित लकड़ी के कटान का मामला सामने आया है, जहां लकड़ी माफिया बेखौफ होकर दिनदहाड़े पेड़ों की कटाई कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार यह अवैध कटान लंबे समय से जारी है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।

जानकारी के मुताबिक, राजबाहे के नीचे गांव माकड़ी निवासी एक लकड़ी माफिया खुलेआम आम के पेड़ों का कटान कर रहा है। आरोप है कि यह सब बिना वन विभाग की अनुमति के हो रहा है और शासन-प्रशासन की अनदेखी के चलते यह अवैध गतिविधि लगातार जारी है।
सूत्रों की मानें तो इस पूरे मामले में “बंदरबांट” का खेल चल रहा है, जिससे कोई भी खुलकर शिकायत करने से बचता है। इसी वजह से यह अवैध कटान रुकने का नाम नहीं ले रहा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह पेड़ों की कटाई जारी रही तो आने वाले समय में क्षेत्र हरियाली से वंचित हो जाएगा और पर्यावरण पर इसका गंभीर असर पड़ेगा।
इस संबंध में वन कर्मी प्रमोद कुमार से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

बरहाना-ढेरा मार्ग पर हो रहा यह अवैध कटान प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षेत्र में पर्यावरण संतुलन पर गहरा संकट खड़ा हो सकता है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment