Home » बुलंदशहर » नई छत पर पानी लगाते समय फिसला पैर, तीन मंजिल नीचे गिरने से महिला की मौत

नई छत पर पानी लगाते समय फिसला पैर, तीन मंजिल नीचे गिरने से महिला की मौत

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

डिबाई : 16 / मई / 2026 :  डिबाई नगर के मोहल्ला महादेव में शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय महिला की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार मोहल्ला महादेव निवासी जयप्रकाश ठेले पर केले बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनकी पत्नी पंकेज शनिवार दोपहर अपने मकान की नई छत पर पानी लगा रही थीं। बताया गया कि एक दिन पूर्व ही मकान की तीसरी मंजिल पर लेंटर पड़ा था। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह सीधे तीन मंजिल नीचे आ गिरीं।

घटना होते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और मोहल्लेवासी तुरंत उन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें अलीगढ़ हायर सेंटर रेफर कर दिया। अलीगढ़ पहुंचने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

मृतका अपने पीछे पति सहित चार बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है, जिनमें से दो बेटियों की शादी हो चुकी है। हादसे के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और मोहल्ले में मातम का माहौल बना हुआ है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment