युवती के अपहरण के प्रयास से मचा हड़कंप, विरोध करने पर बाइक से कूदकर बचाई जान

चोला  : 17/ जून / 2026 :  बुलंदशहर  जनपद के चोला थाना क्षेत्र में एक युवती के कथित अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। युवती ने आरोप लगाया है कि दो बाइक सवार युवकों ने उसका मुंह दबाकर जबरन बाइक पर बैठा लिया और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की।

जान बचाने के लिए युवती चलती बाइक से कूद गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
गांव बड़ौदा निवासी रिनिका पुत्री राकेश के अनुसार, वह मंगलवार देर शाम गांव में स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान पर दुपट्टा खरीदने जा रही थी। जैसे ही वह दुकान की सीढ़ियां चढ़ रही थी, तभी बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उसका मुंह दबाकर जबरन बाइक पर बैठाकर ले गए।

पीड़िता का आरोप है कि रास्ते में शोर मचाने और विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। खुद को बचाने के लिए उसने आरोपियों का विरोध किया और मौका देखकर चलती बाइक से कूद गई। इस दौरान उसे कई चोटें आईं।

घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सीओ सिकंदराबाद ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गांव और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा मामले की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment