Home » उत्तर प्रदेश » 26 वर्षों से एक ही मंडल में जमे प्रशासनिक अधिकारी पर गंभीर आरोप, जांच और स्थानांतरण की मांग

26 वर्षों से एक ही मंडल में जमे प्रशासनिक अधिकारी पर गंभीर आरोप, जांच और स्थानांतरण की मांग

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

सुनील पाठक , गोरखपुर

 

बस्ती : 17/ जून / 2026 :  अपना दल (एस) के प्रदेश सचिव एवं मुख्य संगठन संजय सिंह पगार ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में तैनात प्रशासनिक अधिकारी प्रेमचन्द्र के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए उनके स्थानांतरण और सतर्कता विभाग से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग तथा संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा है।

संजय सिंह पगार का आरोप है कि अधीक्षण अभियंता कार्यालय, लोक निर्माण विभाग वृत्त बस्ती में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत प्रेमचन्द्र पिछले 26-27 वर्षों से गृह जनपद बस्ती में ही विभिन्न पदों पर तैनात हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इतने लंबे समय तक एक ही कार्यालय और मंडल में बने रहने से प्रशासनिक पारदर्शिता और निष्पक्षता प्रभावित हुई है।

पत्र में कहा गया है कि प्रेमचन्द्र पर ठेकेदारों और कर्मचारियों के शोषण, विभागीय अभिलेखों में कथित फेरबदल तथा कुछ ठेकेदारों को अनुचित लाभ पहुंचाने जैसे आरोप लगते रहे हैं। साथ ही ई-टेंडरिंग प्रक्रिया में हस्तक्षेप और विभागीय गोपनीय सूचनाओं के दुरुपयोग के भी आरोप लगाए गए हैं।

संजय सिंह पगार ने यह भी आरोप लगाया कि प्रेमचन्द्र की पत्नी सीमा के नाम से संचालित फर्म “मैसर्स बुद्धा इंटरप्राइजेज” के माध्यम से परिवार को प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष आर्थिक लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि फर्म के खाते में पिछले कुछ वर्षों में लाखों रुपये के लेन-देन हुए हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच कराए जाने की आवश्यकता है।

प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया कि प्रेमचन्द्र ने लखनऊ में आलीशान मकान बनवाया है तथा उनके खिलाफ पूर्व में भी कई शिकायतें शासन स्तर तक पहुंच चुकी हैं। आरोप है कि शासन द्वारा रिपोर्ट मांगे जाने के बावजूद संबंधित स्तर से समय पर रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे कार्रवाई प्रभावित हुई।

संजय सिंह पगार ने मांग की है कि लंबित रिपोर्ट तत्काल शासन को भेजी जाए, प्रेमचन्द्र का स्थानांतरण किया जाए तथा उनके विरुद्ध लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।

हालांकि, समाचार लिखे जाने तक आरोपों के संबंध में प्रशासनिक अधिकारी प्रेमचन्द्र अथवा लोक निर्माण विभाग का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment

Latest Video

Advertisement

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This