बुलंदशहर : 1 / अगस्त / 2026 : बुलंदशहर में करीब 90 घंटे की लगातार तलाश के बाद 11 वर्षीय छात्रा चारु कश्यप का शव बरामद हो गया। चारु स्कूल से घर लौटते समय बारिश के कारण जलभराव से उफनाए नाले में बह गई थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद से प्रशासन, एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
चारु का शव हादसा स्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर चावली गांव के पास नाले से बरामद किया गया। शव को खोजने में एनडीआरएफ और बागपत के गोताखोर इरफान की टीम को सफलता मिली। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद से चारु की मां लगातार अपनी बेटी के सकुशल लौटने की आस लगाए बैठी थीं, लेकिन 90 घंटे बाद मिली यह खबर पूरे परिवार के लिए असहनीय साबित हुई। मासूम की मौत ने हर किसी की आंखें नम कर दीं।
घटना के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। वहीं नगर पालिका के दो जूनियर इंजीनियर (जेई) सहित कई कर्मचारियों को लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया था।
बरामद शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह दर्दनाक हादसा बुलंदशहर नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला साठा में हुआ था, जहां बारिश के दौरान खुले और जलभराव वाले नाले में बह जाने से मासूम चारु की जान चली गई।
इस घटना ने शहर में नालों की सुरक्षा व्यवस्था, जलनिकासी और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस इंतजाम किए जाने की मांग कर रहे हैं।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












