Home » उत्तर प्रदेश » ऑटो चालक की लापरवाही से हादसा, पीड़िता ने धमकी और वसूली के आरोप लगाए

ऑटो चालक की लापरवाही से हादसा, पीड़िता ने धमकी और वसूली के आरोप लगाए

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

सुनील पाठक , गोरखपुर

 

गोरखपुर  : 1 / अगस्त / 2026 :  गुलरिहा थाना क्षेत्र के हथोआ बाजार निवासी नीतू ने थाना प्रभारी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि कुछ दिन पहले उनके पति नीरज बाइक से बाजार चावल लेने जा रहे थे।

इसी दौरान एक ऑटो चालक कथित रूप से तेज रफ्तार, लापरवाही और नशे की हालत में वाहन चलाते हुए उनकी बाइक से टकरा गया। हादसे में बाइक सवार नीरज और बाजार जा रही सरस्वती देवी घायल हो गईं। घटना के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया और उसका वाहन नंबर भी पता नहीं चल सका।

नीतू के अनुसार, सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कार्रवाई के दौरान उनके पति की बाइक को गुलरिहा थाने ले जाया गया। उनका कहना है कि घटना के 24 से 48 घंटे बीत जाने के बावजूद फरार ऑटो चालक का पता नहीं लगाया जा सका।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि हादसे में घायल हुई महिला के नाम पर कुछ अज्ञात लोग अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर एक लाख रुपये की मांग कर रहे हैं और रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं। शिकायत पत्र में संबंधित मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं।

नीतू ने बताया कि उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और उनके पति मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वह रानी लक्ष्मीबाई महिला संगठन से जुड़ी हैं और संगठन इस मामले में उनका सहयोग कर रहा है।

पीड़िता ने पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी और अन्य माध्यमों से फरार ऑटो चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही धमकी देकर कथित वसूली करने वाले लोगों की जांच कर उन्हें न्याय दिलाया जाए तथा उनके पति की मोटरसाइकिल भी थाने से छोड़ी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते न्याय नहीं मिला तो वह अपने संगठन के साथ आगे की कार्रवाई करने के लिए बाध्य होंगी।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment