Home » बुलंदशहर » सीएपीएफ वेटरन एसोसिएशन ने धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस

सीएपीएफ वेटरन एसोसिएशन ने धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

बुलंदशहर : 15 / अगस्त / 2026 :  सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स वेटरन एसोसिएशन बुलंदशहर की ओर से 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। एसोसिएशन से जुड़े पूर्व जवानों ने तिरंगा फहराकर देशभक्ति का संदेश दिया और शहीदों को नमन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत खुर्जा जंक्शन से हुई, जहां एसोसिएशन के सदस्य एकत्रित हुए। लक्ष्मण सिंह के प्रतिष्ठान पर ध्वजारोहण, परिचय कार्यक्रम और जलपान का आयोजन किया गया। इस दौरान एसोसिएशन से जुड़े नए सदस्यों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

इसके बाद एसोसिएशन के सदस्य खुर्जा स्थित पुलवामा शहीद स्मारक पहुंचे, जहां एंटी करप्शन मूवमेंट भारत की ओर से आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में सहभागिता की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान सीएपीएफ वेटरन एसोसिएशन के सदस्यों का तिरंगा पटका पहनाकर स्वागत किया गया। ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और जलपान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

इसके बाद एसोसिएशन की टीम वाहनों पर तिरंगा लगाकर काफिले के रूप में बुलंदशहर पहुंची। कलेक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत सभागार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सेवा समिति द्वारा आयोजित गोष्ठी में भी एसोसिएशन के सदस्यों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े वयोवृद्ध सेनानी ने की। गोष्ठी में जिले के विद्वानों ने देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण को लेकर अपने विचार रखे।

एसोसिएशन की ओर से मधु कुमार सिंह राणा ने वक्ता के रूप में सीएपीएफ वेटरन एसोसिएशन की भूमिका और कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ और एसएसबी के जवान देश की बाहरी एवं आंतरिक सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स को उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान सीएपीएफ वेटरन एसोसिएशन की ओर से आयोजन समिति के पीके शर्मा को नेताजी सुभाष चंद्र बोस का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में शामिल सभी सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि पूर्व जवानों की एकजुटता राष्ट्रसेवा की भावना को और मजबूत करती है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment