पटना : 16 / अगस्त / 2026 : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को ग्लैम फोर्ट मैरिज गार्डन, संत करेंट्स स्कूल के निकट, खगौल रोड, दानापुर में बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, महिलाओं एवं युवाओं ने भव्य समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम की शुरुआत गौरव सेनानियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान के साथ हुई।

समारोह में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सैनिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वीर चक्र से सम्मानित कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी तथा विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय सैनिक संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तरी भारत के मुख्य समन्वयक मेजर जनरल एम. एल. असवाल रहे।
पूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने कहा कि स्वतंत्रता हासिल करने के लिए संघर्ष करना पड़ता है और उसकी रक्षा के लिए भी निरंतर प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता और संप्रभुता की रक्षा के लिए नागरिकों में दृढ़ विश्वास, साहस और राष्ट्रनिष्ठा का होना आवश्यक है।
मेजर जनरल एम. एल. असवाल ने कहा कि सैनिक की जिम्मेदारी सेवानिवृत्ति के साथ समाप्त नहीं होती। इसके बाद भी पूर्व सैनिक समाज और राष्ट्र के प्रति महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने पूर्व सैनिकों से अपने गांव, मोहल्ले और शहर में नागरिकों के चरित्र निर्माण, अनुशासन तथा राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध को मजबूत करने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय सैनिक संस्था बिहार के प्रदेश अध्यक्ष ब्रिगेडियर प्रवीण कुमार ने कहा कि भारतीय सेना की संख्या देश की विशाल आबादी की तुलना में सीमित है, लेकिन राष्ट्र निर्माण में उसका योगदान व्यापक है। उन्होंने विकसित भारत @2047 के लक्ष्य में पूर्व सैनिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए संगठन को मजबूत करने और समाज में राष्ट्रप्रेम, ईमानदारी व अनुशासन की भावना बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के संयोजक गौरव सेनानी अरुण फौजी ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद पूर्व सैनिकों को आपसी भेदभाव भूलकर राष्ट्रहित में एकजुट होकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों के लिए राष्ट्र सर्वोपरि होना चाहिए और देशवासियों के बीच फौज के प्रति कायम विश्वास को मजबूत बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बिहार भूतपूर्व सैनिक संघ के उपाध्यक्ष गौरव सेनानी वी. एन. सिंह ने पूर्व सैनिकों को राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रभक्ति को बढ़ावा देने के लिए ‘जय हिंद बोलना और जय हिंद ही बुलवाना’ का संदेश दिया। संघ के अध्यक्ष ने कहा कि जय हिंद ही उनका नारा, पहचान और शक्ति है।
समारोह में बड़ी संख्या में वीर नारियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्हें भरोसा दिलाया गया कि राष्ट्रीय सैनिक संस्था और भूतपूर्व सैनिक संघ उनके सम्मान एवं हितों के लिए हमेशा साथ खड़े रहेंगे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सैनिक संस्था की महिला विंग की सदस्यता में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। बिहार महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष सुनंदा सिंह, युवा विंग के पदाधिकारियों और अन्य सदस्यों ने संविधान के अनुच्छेद 51A में वर्णित मौलिक कर्तव्यों के पालन तथा समाज के लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
समारोह में बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पहुंचे पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, महिलाओं और युवाओं की सहभागिता रही। कार्यक्रम ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को यादगार बनाने के साथ राष्ट्र एकीकरण, चरित्र निर्माण और राष्ट्रहित में पूर्व सैनिकों की सक्रिय भूमिका को लेकर नई दिशा तय की।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










