गाजियाबाद : 24 / अगस्त / 2026 : सावन के चौथे एवं अंतिम सोमवार पर सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में प्रातःकाल से ही शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से आए श्रद्धालुओं ने भगवान दूधेश्वर महादेव के दर्शन, पूजन और जलाभिषेक किए। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा।

मंदिर के पीठाधीश्वर एवं श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता, दिल्ली संत महामंडल के अध्यक्ष और जूना अखाड़ा की 13 मढ़ी के अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज के सानिध्य एवं अध्यक्षता में सावन के अंतिम सोमवार के धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न हुए। भगवान दूधेश्वर का जलाभिषेक रविवार मध्यरात्रि 12 बजे से शुरू हुआ। सबसे पहले श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने पूजा-अर्चना और जलाभिषेक कर देश, समाज एवं विश्व के कल्याण की प्रार्थना की। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए दर्शन और जलाभिषेक शुरू हुआ।
मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए लगातार 24 घंटे खुले रहे और भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। प्रातः 3:30 बजे प्राचीन देवी मंदिर, द्वारकापुरी दिल्ली गेट के महंत गिरिशानंद गिरि महाराज ने भगवान दूधेश्वर की धूप एवं दीप आरती की। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से दर्शन किए और पूरा परिसर शिवमय हो गया।

श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने कहा कि सावन का अंतिम सोमवार भगवान शिव की आराधना, जलाभिषेक और रुद्राभिषेक के लिए विशेष पुण्यदायी है। इस अवसर पर प्रीति योग, आयुष्मान योग, बुधादित्य राजयोग और हंस राजयोग जैसे शुभ संयोग बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और सच्चे भाव से भगवान दूधेश्वर की आराधना करने वाले भक्तों पर महादेव की कृपा बनी रहती है।
मंदिर में आठों प्रहर भगवान दूधेश्वर का पूजन एवं रुद्राभिषेक किया जा रहा है। दोपहर की आरती के बाद भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। संध्याकाल में महंत गिरिशानंद गिरि महाराज धूप एवं दीप आरती करेंगे। श्री दूधेश्वर श्रृंगार सेवा समिति के अध्यक्ष विजय मित्तल एवं सहयोगियों द्वारा भगवान दूधेश्वर का भव्य श्रृंगार किया जाएगा।

श्री दूधेश्वर वेद विद्या संस्थान के आचार्य तोयराज उपाध्याय, आचार्य लक्ष्मीकांत पाढ़ी, मंदिर प्रबंधक अमित कुमार शर्मा, शंकर झा सहित मंदिर परिवार के सदस्य श्रद्धालुओं की सेवा और धार्मिक अनुष्ठानों की व्यवस्था में जुटे रहे।
मंदिर के मीडिया प्रभारी एस. आर. सुथार ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और मंदिर प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से दर्शन और जलाभिषेक कराया जा रहा है।
श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने सभी शिवभक्तों को सावन के अंतिम सोमवार की शुभकामनाएं देते हुए भगवान दूधेश्वर महादेव से देश और विश्व में सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्यता एवं सद्भाव बनाए रखने तथा सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण करने की प्रार्थना की।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










