Home » उत्तर प्रदेश » कविताओं ने जगाया देशप्रेम का जज्बा, ‘मां तुझे प्रणाम’ कार्यक्रम में देर रात तक गूंजती रहीं तालियां

कविताओं ने जगाया देशप्रेम का जज्बा, ‘मां तुझे प्रणाम’ कार्यक्रम में देर रात तक गूंजती रहीं तालियां

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

गाजियाबाद  : 24 / अगस्त / 2026 :   हिंदी भवन का सभागार शनिवार शाम देशप्रेम, साहित्य और संवेदनाओं से सराबोर रहा। ‘मां तुझे प्रणाम’ कार्यक्रम के तहत आयोजित कवि सम्मेलन में कविता तिवारी, मोहन बिष्ट ‘मुंतजिर’, अनुभव शुक्ला, नीलोत्पल मणाल, प्रतीक गुप्ता, अंकिता सिन्हा और डॉ. शिखा दीप्ति समेत कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को कभी देशभक्ति के जोश से भर दिया तो कभी प्रेम, समाज और बदलते समय पर सोचने को मजबूर किया।

कविता तिवारी ने ‘भारती की आरती उतारने को आतुर हो, शौर्य की उपासक जवानी की कसम है’ सुनाकर माहौल में देशप्रेम का रंग घोल दिया। मोहन बिष्ट ‘मुंतजिर’ और अनुभव शुक्ला की ओजपूर्ण रचनाओं पर खूब तालियां बजीं। नीलोत्पल मणाल ने ‘उस दौर का जादू क्या जानें, ये रील बनाने वाले लड़के’ जैसी पंक्तियों से युवाओं की बदलती दुनिया को सहज अंदाज में सामने रखा। हास्य कवि प्रो. डॉ. प्रतीक गुप्ता ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया।

गजलकार अंकिता सिन्हा ने दर्द, जिंदगी और बदलते समय की तस्वीर पेश की, जबकि डॉ. शिखा दीप्ति की श्रृंगार रस की रचनाओं ने महफिल में प्रेम का रंग घोल दिया। कवि सम्मेलन से पहले डासना से पहुंचे जाहिद ने देशभक्ति के तरानों से वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। सेना से सेवानिवृत्त अधिकारी बलराम त्यागी ने अपनी कविता के माध्यम से हिंदुस्तान की शांति और शक्ति का संदेश दिया। शंभू दयाल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. देवेंद्र ने गौरैया पर कविता सुनाई।

87 वर्षीय पुष्पा गोयल ने 55 वर्ष पहले स्वरचित ‘हमने स्वतंत्रता दिवस मनाया, हमने झंडा फहराया’ गीत सुनाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई और संचालन अनुभव शुक्ला ने किया। सांसद अतुल गर्ग, सदर विधायक संजीव शर्मा, मुरादनगर विधायक अजीतपाल त्यागी, पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉ. अनिल अग्रवाल, अपर पुलिस आयुक्त केशव कुमार चौधरी और नगर पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने दीप प्रज्वलन में भाग लिया।

कर्नल सेवानिवृत्त टीपी त्यागी, बीके शर्मा हनुमान, बीके अग्रवाल, बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। देर रात तक चले कार्यक्रम में कविताओं पर तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही। श्रोता कई प्रस्तुतियों के दौरान उत्साह में अपनी सीटों से उठे और यादगार पलों को मोबाइल में कैद करते नजर आए। समापन पर सभी कवियों को सम्मानित किया गया।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment