Home » बुलंदशहर » फर्जी फोन पे से दुकानदारों को ठगा, स्कूल में भी की चोरी, खुर्जा देहात पुलिस ने आठ आरोपियों को पकड़ा

फर्जी फोन पे से दुकानदारों को ठगा, स्कूल में भी की चोरी, खुर्जा देहात पुलिस ने आठ आरोपियों को पकड़ा

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]
फर्जी PhonePe से ठगी और स्कूल में चोरी का खुलासा

खुर्जा : 7 / अक्टूबर / 2026 :   थाना खुर्जा देहात पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए कुल आठ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने ऑनलाइन पेमेंट के नाम पर दुकानदारों से ठगी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि भवोरावास स्थित स्कूल में चोरी के मामले में चार आरोपियों को पकड़ा गया है। इनमें दो बाल अपचारी शामिल हैं।

पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के कब्जे से वाहन, मोबाइल फोन, फर्जी PhonePe एप्लीकेशन और चोरी किया गया सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार ऑनलाइन पेमेंट के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य शराब के ठेकों, कपड़ों की दुकानों और किराना की दुकानों को निशाना बनाते थे।

आरोपी सामान खरीदने के बाद दुकानदार को ऑनलाइन भुगतान करने की बात कहते थे। इसके बाद मोबाइल फोन में मौजूद फर्जी PhonePe एप्लीकेशन के माध्यम से भुगतान करते थे और दुकानदार को पेमेंट सक्सेस होने का मैसेज दिखा देते थे। भुगतान मिलने का भरोसा होने पर दुकानदार उन्हें सामान दे देता था और आरोपी मौके से निकल जाते थे।

पुलिस ने इस मामले में राजू चौहान, करन, योगेश तोमर और सन्नी राघव को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अलग-अलग जनपदों में भी इसी तरीके से लोगों को अपना निशाना बनाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक हुंडई एक्सेंट कार, एक बैटरी, गेनर/प्रोटीन सप्लीमेंट के पांच डिब्बे और फर्जी PhonePe एप्लीकेशन वाले चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल फोन का इस्तेमाल दुकानदारों को फर्जी भुगतान सफल होने का मैसेज दिखाने के लिए किया जाता था।

वहीं, थाना खुर्जा देहात क्षेत्र के भवोरावास स्थित स्कूल में हुई चोरी की घटना का भी पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी के मामले में चार आरोपियों को पकड़ा है, जिनमें दो बाल अपचारी शामिल हैं।

कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी रोहित और प्रदीप को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि दोनों बाल अपचारियों के खिलाफ विधि के अनुसार कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने स्कूल से सामान चोरी किया था। उनकी निशानदेही पर दो गैस सिलेंडर, एक एलईडी, तेल के कुछ डिब्बे तथा अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।

सीओ खुर्जा शोभित कुमार अत्री ने बताया कि पुलिस दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के सदस्यों से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment