Home » गाजियाबाद » हिंडन घाट पर सांसद अतुल गर्ग ने संभाली स्वच्छता की कमान, विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

हिंडन घाट पर सांसद अतुल गर्ग ने संभाली स्वच्छता की कमान, विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

गाजियाबाद : 9 / अक्टूबर / 2026 :   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत हिंडन नदी घाट पर स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। समाधान शक्ति सामाजिक संस्था और डीएवी पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान का नेतृत्व सांसद अतुल गर्ग ने किया।

अभियान के दौरान सांसद ने स्वयं सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और हिंडन नदी को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नदियां हमारे पर्यावरण और जीवन का महत्वपूर्ण आधार हैं।

इनकी स्वच्छता बनाए रखना केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। नदी में कूड़ा-कचरा और गंदगी डालने से जल प्रदूषण बढ़ता है, जिसका असर पर्यावरण और जनजीवन पर पड़ता है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि हिंडन नदी में कचरा न डालें और इसके संरक्षण के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाएं। कार्यक्रम के दौरान डीएवी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को साफ-सफाई के महत्व, नदियों को प्रदूषण से बचाने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से भी पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के विभिन्न पहलुओं को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया।

विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया। इस आयोजन को सफल बनाने में पूर्व महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान और विद्यालय की प्रधानाचार्य मोनिका मेनन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अभियान में पार्षद श्याम शर्मा, राजेंद्र मित्तल, अंकुर गोयल और प्रतीक माथुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों ने हिंडन नदी को स्वच्छ रखने, आसपास गंदगी न फैलाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

अभियान के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों से ही नदियों को स्वच्छ तथा पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सकता है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment