गाजियाबाद : 9 / अक्टूबर / 2026 : पुराना विजयनगर स्थित श्री विजय रामलीला कमेटी (रजि.) की रामलीला का शुभारंभ हवन-पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर समाज के सम्मानित बुजुर्गों ने फीता काटकर उद्घाटन किया। कमेटी पिछले 62 वर्षों से लगातार रामलीला का मंचन कर धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ा रही है।
कमेटी के अध्यक्ष लेखराज माहौर एडवोकेट ने बताया कि वर्ष 1965 में उनके दादाजी एवं प्रेरणास्रोत स्वर्गीय कंछीलाल प्रधान ने श्री विजय रामलीला कमेटी की स्थापना की थी। तभी से पुराना विजयनगर के रामलीला मैदान में लगातार मंचन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कमेटी बाहर से कोई मंडली नहीं बुलाती, बल्कि क्षेत्र के स्थानीय कलाकार ही रामलीला का मंचन करते हैं। दर्शक जमीन पर बैठकर भगवान श्रीराम की लीलाओं का श्रवण करते हैं।
उन्होंने बताया कि रामलीला से बड़ी संख्या में युवा जुड़े हुए हैं और सभी कलाकार शिक्षित हैं। राम की भूमिका निभाने वाले कलाकार एडवोकेट हैं, जबकि लक्ष्मण बीबीए के छात्र और सीता बीटेक की छात्रा हैं।
हनुमान सहित रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण की भूमिका निभाने वाले कलाकार भी शिक्षित हैं। कुछ कलाकार नौकरी भी करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा पीढ़ी इस परंपरा को आगे बढ़ाएगी और रामलीला का भविष्य उज्ज्वल रहेगा।
कमेटी के अनुसार, 20 अक्टूबर को दशहरा महोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन होगा। वहीं, 21 अक्टूबर को राम-भरत मिलन की झांकी के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर शहर के गणमान्य लोगों का स्वागत भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में कमेटी के अध्यक्ष लेखराज माहौर एडवोकेट, महामंत्री शिवकुमार शिबू, संरक्षक जॉनसन मेसी, अजय पाल, राम सिंह, ठाकुर शंकर सिंह, ठाकुर राजपाल, ठाकुर राजेश सिंह, डायरेक्टर हेमराज माहौर, घनश्याम माहौर, कोषाध्यक्ष पवन माहौर सहित कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य, महिलाएं और क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










