Home » उत्तर प्रदेश » निषाद पार्टी की स्थापना दिवस पर 22 मार्च को गोरखपुर में होगा भव्य कार्यक्रम

निषाद पार्टी की स्थापना दिवस पर 22 मार्च को गोरखपुर में होगा भव्य कार्यक्रम

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

गोरखपुर : 15 / मार्च / 2026 : गोरखपुर में उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद ने रविवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि निषाद पार्टी अपने संघर्ष, सेवा और सामाजिक समरसता के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर 22 मार्च को गोरखपुर में एक भव्य ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समाज के लोग शामिल होंगे।

डॉ. संजय निषाद ने बताया कि निषाद पार्टी ने अपने संघर्ष और जनसमर्थन के बल पर समाज के अधिकार, सम्मान और विकास की आवाज को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि समाज की एकता और कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों के कारण आज निषाद पार्टी देश की राजनीति में अपनी एक अलग पहचान बना चुकी है। पार्टी का मुख्य उद्देश्य निषाद समाज सहित जल, जंगल और जमीन से जुड़े सभी वंचित समाजों को उनका हक और सम्मान दिलाना है।

उन्होंने बताया कि पार्टी की स्थापना के बाद से ही समाज के उत्थान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में स्थापना दिवस के अवसर पर 22 मार्च को गोरखपुर में विशाल कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें प्रदेश भर से कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समाज के प्रबुद्ध लोग भाग लेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी के अब तक के संघर्ष और उपलब्धियों को समाज के बीच रखा जाएगा और आगे की रणनीति पर भी चर्चा होगी।

 

प्रेस वार्ता में डॉ. संजय निषाद ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार द्वारा मछुआरा समाज के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य मछुआरा समाज को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें आधुनिक तकनीकों से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत मछुआरों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे मछली उत्पादन बढ़ेगा और लोगों की आय में वृद्धि होगी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में मछुआरों के लिए आधुनिक मछली बाजार, कोल्ड स्टोरेज, फिश प्रोसेसिंग यूनिट और प्रशिक्षण केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। इसके अलावा मछुआरों को किसान क्रेडिट कार्ड की तर्ज पर मत्स्य क्रेडिट कार्ड की सुविधा भी दी जा रही है, जिससे उन्हें कम ब्याज पर ऋण मिल सके और वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें। डॉ. निषाद ने कहा कि सरकार मछुआरा समाज के लोगों को आधुनिक मत्स्य पालन की तकनीक से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चला रही है। इससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि मछुआरा समाज को सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक रूप से मजबूत बनाया जाए, ताकि आने वाले समय में यह समाज आत्मनिर्भर और सशक्त बन सके। डॉ. संजय निषाद ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों से आह्वान किया कि वे 22 मार्च को गोरखपुर में आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचकर इसे ऐतिहासिक बनाएं और समाज के अधिकार, सम्मान और विकास के लिए संघर्ष को और मजबूत करें।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment