डिबाई : 16 / मार्च / 2026 : डिबाई विधानसभा क्षेत्र के कर्णवास रोड स्थित गांव खैरपुर का वीर सपूत नायक तिलक सिंह (उम्र 33 वर्ष), जो भारतीय सेना की 7 जाट रेजीमेंट में तैनात थे, जम्मू-कश्मीर के राजौरी-पुंछ क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान 15 मार्च को वीरगति को प्राप्त हो गए। इस दुखद समाचार से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
शहीद नायक तिलक सिंह का पार्थिव शरीर कल सुबह लगभग 9 बजे उनके पैतृक गांव खैरपुर, तहसील डिबाई (जिला बुलंदशहर) पहुंचेगा, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। शहीद के अंतिम दर्शन के लिए क्षेत्र के हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है।
शहीद तिलक सिंह का पुराना चित्र
शहीद तिलक सिंह पिता आइटम सिंह और माता सरोज देवी के पुत्र थे। वे दो बहनों के बीच इकलौते भाई थे। अपने पीछे वे पत्नी और चार छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार में उनके 102 वर्षीय दादा चौधरी रवि करण सिंह भी जीवित हैं, जो अपने पोते के बलिदान पर गर्व के साथ गहरे शोक में हैं।
जैसे ही शहादत की खबर गांव और क्षेत्र में पहुंची, लोगों में शोक के साथ-साथ अपने वीर सपूत पर गर्व की भावना भी दिखाई दे रही है। प्रशासन, जनप्रतिनिधि और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग भी कल गांव पहुंचकर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। क्षेत्र के लोगों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में खैरपुर पहुंचकर देश के इस वीर सपूत को अंतिम नमन करें। मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूत नायक तिलक सिंह को शत-शत नमन।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












