खुर्जा : 16 / मार्च / 2026 : कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र के अंतर्गत भीम नगर कॉलोनी के पास दबंगों ने एक युवक पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर, आंख और नाक पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल को बेहोशी की हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भीम नगर कॉलोनी निवासी रामपाल का पुत्र शिवम रविवार देर शाम अपनी एक्टिवा से बाजार जा रहा था। जैसे ही वह शिवम पब्लिक स्कूल के पास पहुँचा, बुद्ध विहार कॉलोनी निवासी अभय (पुत्र धर्मेंद्र) ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि अभय ने शिवम के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी अभय ने पास की एक साइकिल की दुकान से लोहे की रॉड उठा ली और शिवम के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। शोर सुनकर आरोपी का पिता धर्मेंद्र और दो अन्य अज्ञात युवक भी वहां पहुँच गए और शिवम के साथ बुरी तरह मारपीट की।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुँचे और लहुलुहान हालत में शिवम को खुर्जा के सरकारी अस्पताल ले गए। पीड़ित के पिता रामपाल ने कोतवाली खुर्जा नगर में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमला सुनियोजित था और उन्हें जान का खतरा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












