डिबाई : 19 / मार्च / 2026 : डिबाई कस्बे के बलदेव कॉलोनी स्थित उमंग एंटरप्राइजेज के गोदाम में बुधवार रात करीब 8:30 बजे भीषण आग लगने से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखा सामान धू-धू कर जलने लगा। आग की तेज लपटें और उठता धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया और राहत कार्य शुरू किया गया। आग इतनी भयानक थी कि उसे बुझाने के लिए लगातार प्रयास करने पड़े। फायर स्टेशन इंचार्ज धनपाल सिंह ने बताया कि चार फायर टैंकरों की मदद से करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।’

गुरुवार सुबह दैनिक भास्कर से बातचीत में गोदाम मालिक उमंग वार्ष्णेय ने बताया कि उन्हें रात करीब 8:30 बजे आग लगने की सूचना मिली। वह तुरंत मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। उन्होंने बताया कि करीब आधे से पौन घंटे में फायर ब्रिगेड और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया था, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उसे बुझाने में लंबा समय लगा।
उमंग वार्ष्णेय के अनुसार, इस हादसे में उनका करीब 10 से 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट रूप से बताया कि गोदाम में न तो बिजली का कोई कनेक्शन था और न ही लाइट की किसी प्रकार की व्यवस्था थी, ऐसे में शॉर्ट सर्किट जैसी संभावना पूरी तरह से नकार दी गई है। इससे आग लगने के कारणों को लेकर मामला और अधिक रहस्यमय हो गया है।
घटना के दौरान मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने आग बुझाने में सहयोग किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा।
फिलहाल आग लगने के कारणों का कोई स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












