सिकंदराबाद : 22 / मई / 2026 : चोला थाना क्षेत्र के गांव बचावली की एक विवाहिता ने पति, जेठ और जेठानी पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा गला घोटकर हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी ग्राम भट्टा थाना दनकौर, जिला गौतमबुद्ध नगर निवासी द्वारका पुत्र मेघराज के साथ धूमधाम से हुई थी। विवाह के बाद से ही पति, जेठ अरविंद और जेठानी रश्मि कम दहेज लाने को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि आए दिन उसके साथ मारपीट की जाती थी।

पीड़िता ने बताया कि 16 मई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और गला घोटकर हत्या करने का प्रयास किया। शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे उसकी जान बच सकी। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को सूचना दी और एसएसपी के समक्ष पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सीओ सिकंदराबाद भास्कर मिश्रा ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर पति द्वारका, जेठ अरविंद और जेठानी रश्मि के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
![]()
