चोला : 23 / मई / 2026 : चोला में ट्रेनों पर होने वाली पत्थरबाजी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जीआरपी, आरपीएफ एवं स्थानीय सिविल पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत रेलवे स्टेशन खुर्जा जंक्शन रेलवे स्टेशन से जुड़े क्षेत्रों में लोगों को रेलवे सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने सिकंदरपुर स्टेशन के पास ग्राम समसपुर, गंगरोल रेलवे हाल्ट, चोला रेलवे स्टेशन, खुर्जा जंक्शन के आसपास की कॉलोनियों तथा डाबर स्टेशन के निकट स्थित बस्तियों में जाकर लोगों को ट्रेनों पर पत्थरबाजी से होने वाले नुकसान और कानूनी कार्रवाई के बारे में जानकारी दी।

अभियान के दौरान जीआरपी चौकी प्रभारी खुर्जा जंक्शन उपनिरीक्षक अरविन्द चौधरी एवं आरपीएफ पोस्ट खुर्जा जंक्शन के प्रभारी नंदलाल मीणा ने लोगों को बताया कि ट्रेनों पर पत्थरबाजी गंभीर अपराध है, जिसके लिए कठोर दंड का प्रावधान है। उन्होंने नागरिकों से सरकारी संपत्ति एवं यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ट्रैक और ट्रेनों की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या पत्थरबाजी की आशंका दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल जीआरपी, आरपीएफ या स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
अभियान के दौरान लोगों को रेलवे लाइन पार न करने, चलती ट्रेन के गेट या पायदान पर बैठकर अथवा खड़े होकर यात्रा न करने के लिए भी जागरूक किया गया। साथ ही यात्रियों को ट्रेन में शस्त्र या ज्वलनशील पदार्थ लेकर यात्रा न करने की हिदायत दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि रेलवे सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि आम जनता का भी कर्तव्य है। अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने भी पुलिस को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
![]()
