Home » उत्तर प्रदेश » कारगिल विजय दिवस फुटबॉल टूर्नामेंट का तीसरा संस्करण संपन्न, बालिका टीमों ने पहली बार लिया हिस्सा

कारगिल विजय दिवस फुटबॉल टूर्नामेंट का तीसरा संस्करण संपन्न, बालिका टीमों ने पहली बार लिया हिस्सा

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

गाजियाबाद : 26 / जुलाई / 2026 : महामाया स्टेडियम में राष्ट्रीय सैनिक संस्था स्पोर्ट्स विंग एवं स्टेपओवर अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कारगिल विजय दिवस फुटबॉल टूर्नामेंट के तीसरे संस्करण का समापन हो गया। ईशान त्यागी के नेतृत्व में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में इस वर्ष 19 स्कूली टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें 13 बालक और 6 बालिका टीम शामिल रहीं।

प्रतियोगिता के दौरान कुल 160 विद्यार्थियों ने 32 मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस वर्ष टूर्नामेंट की खास उपलब्धि यह रही कि पहली बार बालिका टीमों को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया। बालिकाओं की भागीदारी को आयोजन से जुड़े लोगों ने खेल के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम बताया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. ऋचा सूद ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल भावना, अनुशासन और निरंतर मेहनत के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल बच्चों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनमें टीम भावना और आत्मविश्वास भी पैदा करते हैं। बालिका वर्ग में मधुबन धाम की टीम ने प्रथम, बिहारीपुरा की टीम ने द्वितीय और अर्थला की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर शहीद नायक ओम प्रकाश के नाम पर बेस्ट गोलकीपर की ट्रॉफी गांधी नगर की आशु को प्रदान की गई। वहीं शहीद नायक चमन सिंह के नाम पर हाईएस्ट गोल की ट्रॉफी सीएस मधुबन बापू धाम की अंजली को मिली।

शहीद यशपाल के नाम पर बेस्ट मिडफील्डर की ट्रॉफी सीएस मधुबन बापू धाम की आरुषि को तथा शहीद नायक रत्न सिंह के नाम पर बेस्ट डिफेंडर की ट्रॉफी अर्थला कंपोजिट स्कूल की पिंकी को प्रदान की गई। पुरुष फुटबॉल वर्ग में मधुबन बापू धाम की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। लाल क्वार्टर की टीम दूसरे और गांधी नगर स्कूल की टीम तीसरे स्थान पर रही।

विजेता खिलाड़ियों और टीमों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सैनिक संस्था के गौरव सेनानी ज्ञान सिंह, चंदन सिंह, गणेश दत्त, ओमपाल, लेफ्टिनेंट वीपी शर्मा, राजेंद्र त्रिपाठी, पांडेय जी, डीके दास, देशभक्त पुष्कर बिष्ट, अजय कुमार सहित संस्था के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

आयोजकों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों से आयोजित की जा रही इस फुटबॉल प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को खेल के प्रति प्रोत्साहित किया जा रहा है। राष्ट्रीय सैनिक संस्था स्पोर्ट्स विंग के राष्ट्रीय संयोजक एवं आईआईटी दिल्ली के पूर्व छात्र ईशान त्यागी द्वारा खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराने, प्रशिक्षण देने, आने-जाने की व्यवस्था करने और रिफ्रेशमेंट सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराई जा रही हैं।

आयोजन के समापन अवसर पर विजेता टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में खेल प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। पहली बार बालिका टीमों की भागीदारी से प्रतियोगिता को नई दिशा मिली है और भविष्य में इसमें और अधिक बालिका टीमों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment