गाजियाबाद : 8 / अगस्त / 2026 : साहिबाबाद थाना पुलिस ने टप्पेबाजी की घटना का खुलासा करते हुए एक युवक और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बुजुर्ग महिला को रुपयों से भरा थैला होने का झांसा देकर बातचीत में उलझाया और उनके सोने के कुंडल तथा मंगलसूत्र लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4,025 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त सामान बरामद किया है।

इंदिरा गार्डन, राजेंद्र नगर इंडस्ट्रियल एरिया, मोहन नगर निवासी पंकज कुमार ने 29 जुलाई 2026 को साहिबाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी माताजी गुड्डी देवी बाजार से खरीदारी कर लौट रही थीं। शाम करीब चार से छह बजे के बीच रास्ते में एक महिला और युवक ने उन्हें बातचीत में अपने पास बुलाया।
आरोपियों ने बुजुर्ग महिला को एक थैला दिखाकर उसमें काफी रुपये होने की बात कही। इसके बाद 500 रुपये का नोट दिखाकर उनका विश्वास हासिल किया। बातचीत के दौरान आरोपियों ने उनके पहने हुए आभूषण रूमाल में रखवा लिए। इसी दौरान दोनों आरोपी सोने के कुंडल और गले का मंगलसूत्र लेकर वहां से चले गए।
शिकायत मिलने के बाद साहिबाबाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम गठित की गई और लगातार सुरागरसी की गई। पुलिस के अनुसार 7/8 अगस्त की रात मुखबिर की सूचना पर नागद्वारा से राजीव कॉलोनी की ओर जाने वाले रास्ते से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण उर्फ भाऊ पुत्र भोलाराम और उसकी पत्नी तुलसी, उम्र 22 वर्ष, के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से 4,025 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त सामान बरामद किया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अनजान लोगों द्वारा रुपयों, सामान या किसी अन्य लालच का झांसा दिए जाने पर सतर्क रहें और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना दें।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









