बुलंदशहर : 13 / मई / 2026 : सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरपुर स्थित शमशान में बुधवार को एक ठेकेदार का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय रवित कश्यप के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मुजफ्फरनगर का निवासी बताया जा रहा है और यूपीपीसीएल की कार्यदायी संस्था में ठेकेदारी का कार्य करता था।
जानकारी के अनुसार रवित कश्यप मंगलवार रात करीब 9 बजे घर से निकला था, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। बुधवार सुबह शमशान घाट में उसका शव मिलने की सूचना पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मृतक के सिर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या कर शव को शमशान में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी, एसपी सिटी, सीओ सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा मृतक के संपर्कों और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












