गाजियाबाद में काव्य-संग्रह ‘खिड़की पर बैठी कविता’ का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित

गाजियाबाद : 16 / मई / 2026 :  साहित्य एवं समाज को समर्पित संस्था सरन शब्द-गुंजन के तत्वावधान में लेखिका लक्ष्मी अग्रवाल द्वारा रचित काव्य-संग्रह ‘खिड़की पर बैठी कविता’ का भव्य लोकार्पण एवं सम्मान समारोह 15 मई 2026 को वैशाली स्थित स्काईटेक मगध में गरिमामयी वातावरण के बीच आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकारा डॉ. सविता चड्ढा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में अशोक गुप्ता उपस्थित रहे।

विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. ओमप्रकाश प्रजापति एवं डॉ. नीरजा मेहता ‘कमलिनी’ ने समारोह की शोभा बढ़ाई। मंच संचालन नयन नीरज ‘नायाब’ ने किया तथा कार्यक्रम का आयोजन विकास अग्रवाल द्वारा किया गया।

समारोह में अनेक साहित्यकारों और अतिथियों ने काव्य-पाठ प्रस्तुत करते हुए पुस्तक पर अपने विचार व्यक्त किए। अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. सविता चड्ढा ने कहा कि जो महिलाएं घर और कार्यक्षेत्र दोनों में संतुलन बनाए रखती हैं, वही वास्तविक रूप से सफल होती हैं। वहीं डॉ. नीरजा मेहता ‘कमलिनी’ ने पुस्तक को लेखिका के मन की खिड़की बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं को महसूस किया जा सकता है।

मुख्य अतिथि अशोक गुप्ता ने पुस्तक की सफलता की कामना करते हुए कहा कि यह कृति भावनाओं और अनुभवों की दुनिया को सशक्त रूप से अभिव्यक्त करती है। डॉ. ओमप्रकाश प्रजापति ने कहा कि यह काव्य-संग्रह नारी जीवन के विविध आयामों को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। मंच संचालक नयन नीरज ‘नायाब’ ने पुस्तक में पिता की छांव, माँ-बेटी के रिश्ते और मिट्टी से जुड़ाव जैसे भावनात्मक पक्षों का उल्लेख किया।

इस अवसर पर लेखिका लक्ष्मी अग्रवाल ने पुस्तक के नामकरण के पीछे की भावना साझा करते हुए कहा कि “खिड़की” उनके लिए केवल घर का हिस्सा नहीं, बल्कि दुनिया और अपने भीतर झांकने का माध्यम रही है। कार्यक्रम में नन्हीं गुंजन की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिस पर सभागार तालियों से गूंज उठा।

समारोह में उपस्थित अतिथियों को अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न और पुष्पहार भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न साहित्यिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा लेखिका लक्ष्मी अग्रवाल को साहित्यिक योगदान के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया। अंत में आयोजक विकास अग्रवाल ने सभी अतिथियों, साहित्यकारों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

 

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment