Home » उत्तर प्रदेश » बुलियन खरीद को लेकर प्रशासन सतर्क, व्यापारियों ने दिया राष्ट्रहित में सहयोग का भरोसा

बुलियन खरीद को लेकर प्रशासन सतर्क, व्यापारियों ने दिया राष्ट्रहित में सहयोग का भरोसा

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

दुष्यंत पचौरी,  हाथरस

 

हाथरस : 18 / मई / 2026 :  कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बुलियन/सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर वर्तमान परिस्थितियों, बाजार व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, अफवाहों पर नियंत्रण तथा जनजागरूकता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक मा० प्रधानमंत्री द्वारा नागरिकों से बुलियन एवं सोना क्रय न करने की अपील के क्रम में आयोजित की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि देशहित में किए गए आह्वान का समर्थन करना प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक का दायित्व है। उन्होंने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि आमजन को अनावश्यक रूप से सोना अथवा बुलियन खरीदने के लिए प्रेरित न किया जाए और किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाने से बचा जाए। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी समस्या की स्थिति में जिला प्रशासन प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करेगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शांति, सामाजिक सौहार्द एवं आर्थिक संतुलन बनाए रखना सभी नागरिकों और व्यापारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। बाजारों में पारदर्शिता एवं व्यवस्थित व्यापारिक गतिविधियों के संचालन पर बल देते हुए जिलाधिकारी ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को देने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने कहा कि व्यापार मंडल द्वारा प्रशासन को सदैव सकारात्मक सहयोग मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की पहल का समर्थन राष्ट्रहित के प्रति व्यापारियों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने व्यापारियों से आपसी समन्वय एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग जारी रखने का आह्वान किया।

बैठक में सर्राफा व्यापारियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। व्यापारियों ने कहा कि वे आमजन को जागरूक करने, बाजार में अनुशासन बनाए रखने तथा शासन-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विदेशी सोने की खरीद से परहेज करने तथा घरेलू सोने को पुनर्चक्रित कर आभूषण तैयार करने की बात भी कही।

इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) राज्यकर मथुरा संभाग रमेश सिंह, उपायुक्त राज्यकर राजकुमार सिंह, प्रदुमन गुप्ता, सहायक आयुक्त राज्यकर हरिनाथ यादव सहित सर्राफा कमेटी एवं व्यापार मंडल के कई पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment