दूसरे की जमीन पर फर्जीवाड़ा कर लिया एक लाख का लोन, एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज

ककोड़ : 14 / जून / 2026 :  थाना ककोड़ क्षेत्र के गांव वैर बादशाहपुर में दूसरे की जमीन पर कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर एक लाख रुपये का लोन लेने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी के आदेश के बाद पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव वैर बादशाहपुर निवासी पूरन सिंह पुत्र स्वर्गीय कुल्लू सिंह ने बताया कि उनकी बड़ी बहन कौशल्या ने वर्ष 2005 में बाबू पुत्र खादिम के दो सगे भाइयों से साढ़े चार बीघा जमीन खरीदी थी। खरीद के बाद से जमीन पर उनकी बहन का कब्जा था।

आरोप है कि वर्ष 2017 में बाबू पुत्र खादिम ने धोखाधड़ी कर उक्त जमीन से संबंधित फर्जी कागजात तैयार कराकर एक लाख रुपये का लोन ले लिया। बाद में वर्ष 2024 में कौशल्या ने उक्त जमीन का दानपत्र पूरन सिंह के नाम कर दिया।

पीड़ित के अनुसार, जब वह जमीन के दाखिल-खारिज के लिए तहसील पहुंचा तो पता चला कि जमीन पर बैंक का बकाया लोन दर्ज है, जो बढ़कर करीब डेढ़ लाख रुपये हो चुका है। अधिकारियों ने पहले लोन चुकाने के बाद ही दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी होने की बात कही।

थाना प्रभारी ककोड़ सरजेश यादव ने बताया कि पीड़ित द्वारा एसएसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र की जांच के बाद बाबू पुत्र खादिम, तहसील कर्मियों, सब-रजिस्ट्रार कार्यालय के कर्मचारियों तथा ओरिएंटल बैंक (वर्तमान पंजाब नेशनल बैंक) ककोड़ से जुड़े संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment