Home » नई दिल्ली » संत गजानन महाराज के 150वें प्रकट दिवस पर 150 रुपये का स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी करने की मांग

संत गजानन महाराज के 150वें प्रकट दिवस पर 150 रुपये का स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी करने की मांग

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

नई दिल्ली : 25 / जुलाई / 2026 :  केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), आयुष मंत्रालय एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने भारत सरकार से पूज्य संत गजानन महाराज के 150वें प्रकट दिवस के अवसर पर 150 रुपये का स्मारक सिक्का और विशेष स्मारक डाक टिकट जारी करने का आग्रह किया है।

इस संबंध में मंत्री प्रतापराव जाधव ने वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण, संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया तथा संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र भेजकर संबंधित मंत्रालयों से प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का अनुरोध किया है।

अपने पत्र में मंत्री ने कहा कि संत गजानन महाराज फरवरी 1878 में महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के शेगांव में प्रकट हुए थे। अपनी आध्यात्मिक शिक्षाओं और मानव सेवा के संदेश के कारण संत गजानन महाराज का महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि पूरे देश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत में विशेष स्थान है। आज शेगांव देश के प्रमुख तीर्थस्थलों में शामिल है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

प्रतापराव जाधव ने कहा कि संत गजानन महाराज का जीवन भक्ति, आध्यात्मिकता, करुणा, निस्वार्थ सेवा और मानव कल्याण की प्रेरणा देता है। उनकी शिक्षाओं और जीवन दर्शन का विस्तृत उल्लेख श्रद्धालुओं के बीच विशेष आस्था रखने वाले धार्मिक ग्रंथ गजानन विजय’ में मिलता है।

मंत्री ने  गजानन महाराज संस्थान, शेगांव द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, ग्रामीण विकास, सामाजिक कल्याण और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों ने शेगांव को आध्यात्मिकता के साथ-साथ जनसेवा के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी स्थापित किया है।

उन्होंने कहा कि संत गजानन महाराज के 150वें प्रकट दिवस पर स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी करना उनके प्रति उचित राष्ट्रीय श्रद्धांजलि होगी। इससे संत की शिक्षाओं से प्रेरित लाखों श्रद्धालुओं की आस्था और भावनाओं का भी सम्मान होगा।

मंत्री प्रतापराव जाधव ने 25 फरवरी 2026 को भारत के राष्ट्रपति की शेगांव यात्रा का भी उल्लेख किया। यह यात्रा आयुष मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय आरोग्य मेले के उद्घाटन के अवसर पर हुई थी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की शेगांव यात्रा इस क्षेत्र के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और जनसेवा से जुड़े महत्व को भी दर्शाती है।

संत गजानन महाराज का 150वां प्रकट दिवस 17 फरवरी 2028 को मनाया जाएगा। इस अवसर को देशभर के श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्व माना जा रहा है। मंत्री ने उम्मीद जताई कि भारत सरकार इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करते हुए संत गजानन महाराज की चिरस्थायी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को उचित राष्ट्रीय सम्मान प्रदान करेगी।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment