Home » उत्तर प्रदेश » कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर नागरिक कर्तव्यों पर हुआ महाचिंतन, 27 पौधे रोपित कर बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि

कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर नागरिक कर्तव्यों पर हुआ महाचिंतन, 27 पौधे रोपित कर बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

गाजियाबाद : 25 / जुलाई / 2026 :   कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर 25 जुलाई को मेरठ रोड स्थित मनन धाम मंदिर के सामने शहीद स्मारक पार्क में राष्ट्रीय सैनिक संस्था द्वारा नागरिक कर्तव्यों को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संविधान के अनुच्छेद 51(क) में वर्णित मौलिक कर्तव्यों पर महाचिंतन किया गया और लोगों से राष्ट्रहित में अपने नागरिक दायित्वों का ईमानदारी से पालन करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने राष्ट्रीय सैनिक संस्था द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि देश में प्रतिभा, बुद्धिमत्ता, संसाधन और नेतृत्व की कोई कमी नहीं है, लेकिन सामाजिक चरित्र और नागरिक शिष्टाचार को मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कारगिल युद्ध के बलिदानी परिवारों को सम्मानित करते हुए कहा कि देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाला बलिदानी पूरे राष्ट्र का होता है।

प्रोफेसर डॉ. पवन सिन्हा गुरुजी ने सैनिकों के जीवन और उनके संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सैनिक विषम परिस्थितियों में देश की रक्षा करते हैं और नागरिकों को उनसे कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी की प्रेरणा लेनी चाहिए।

राष्ट्रीय सैनिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वीर चक्र प्राप्त कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने कारगिल युद्ध के कठिन हालात का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय सैनिकों ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अदम्य साहस का परिचय देकर देश को विजय दिलाई।

उन्होंने कहा कि नागरिकों को भी अपने संवैधानिक कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। उन्होंने अनुच्छेद 51(क) में दिए गए 11 मौलिक कर्तव्यों को स्कूलों में नियमित रूप से पढ़ाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

राष्ट्रीय सैनिक संस्था की आर्थिक काउंसिल के राष्ट्रीय सलाहकार राजन छिब्बर ने अपने अनुभव साझा करते हुए राष्ट्र के सम्मान और नागरिक जिम्मेदारी का महत्व बताया। वहीं स्वामी राम कृपाल साक्षी श्री ने कहा कि आज केवल प्रेरणा देने से अधिक आवश्यकता आत्ममंथन और अंतरात्मा को जागृत करने की है।

कार्यक्रम में एनडीआरएफ के सहायक कमांडेंट महेश नामदेव, कैप्टन आरपी सिंह (IN) और ब्रिगेडियर विपिन चक्रवर्ती सहित अन्य वक्ताओं ने भी नागरिक कर्तव्यों, आर्थिक विकास, संसाधनों के समान वितरण और पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।

इस दौरान राष्ट्रीय सैनिक संस्था की हापुड़, देहरादून, आकाशनगर, बुलंदशहर, हरिद्वार और गाजियाबाद टीमों के सदस्यों ने संकल्प लिया कि संस्था का प्रत्येक सदस्य कम से कम 100 नागरिकों को संविधान में वर्णित मौलिक कर्तव्यों की जानकारी देगा और उन्हें व्यवहार में उतारने के लिए जागरूक करेगा।

कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ के अवसर पर कार्यक्रम में 27 पौधे रोपित किए गए और शहीद स्तंभ पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर कारगिल युद्ध की पांच वीरांगनाओं को सम्मानित किया गया, जबकि राष्ट्रीय सैनिक संस्था के सात सदस्यों को उत्कृष्ट देशभक्ति पदक प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ अंजू शर्मा द्वारा शंखनाद से हुआ। आयोजन की जिम्मेदारी गौरव सेनानी ज्ञान सिंह एवं गाजियाबाद टीम ने संभाली। प्रोफेसर नीलम पवार ने सैनिक संस्था और शहीद स्मारक पार्क की जानकारी दी। प्रशासनिक व्यवस्था एडवोकेट सुनील कुमार ने संभाली, जबकि मंच संचालन एडवोकेट अंशु त्यागी ने किया।

फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी चंद्रकांत और मोनिका गोयल ने की। मंच व्यवस्था में राज शर्मा, स्वाति बंसल और गोनिका कश्यप का सहयोग रहा। सुरक्षा व्यवस्था पुष्कर बिष्ट एवं युवा टीम ने संभाली। महिला टीम की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष रूप से सफल बनाया।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment