खुर्जा, बुलंदशहर : 31 / अक्टूबर / 2026 : 39 यूपी बटालियन एनसीसी, खुर्जा के तत्वावधान में भारत विकास परिषद कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, कालिंदी कुंज, खुर्जा में आयोजित एनसीसी कैंप में उपजिलाधिकारी सत्येंद्र सिंह पहुंचे।
उन्होंने कैडेट्स को संबोधित करते हुए अनुशासन, नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कैडेट्स को सिविल सेवा एवं सैन्य सेवा में अपना भविष्य बनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने से सफलता प्राप्त की जा सकती है।

कैंप के दौरान डिप्टी कैंप कमांडेंट ने कैडेट्स को भारतीय सेना में अधिकारी बनने के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस), तकनीकी प्रवेश योजना (टीईएस) और एनसीसी विशेष प्रवेश योजना के माध्यम से सेना में अधिकारी बनने की प्रक्रिया समझाई।
साथ ही विभिन्न प्रवेश योजनाओं के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, पात्रता और चयन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया, जिससे कैडेट्स को अपने भविष्य की तैयारी करने में मदद मिल सके।

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कैंप में उपस्थित सभी कैडेट्स को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। कैडेट्स ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के साथ ही आपसी सद्भाव एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कैंप एडजुटेंट लेफ्टिनेंट निर्जेन्द्र सिंह, लेफ्टिनेंट इंद्र कुमार वासमान, एनसीसी अधिकारी राम जीवन, एनसीसी अधिकारी हरवीर सिंह, सूबेदार मेजर मोहन सिंह, सूबेदार सरजू गुरूंग, जीसीआई गायत्री सोरोल, बीएचएम सपन वालियान सहित समस्त प्रशिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।








