Home » गाजियाबाद » टीबी मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए 100 रोगियों को बांटी गई पोषण पोटली

टीबी मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए 100 रोगियों को बांटी गई पोषण पोटली

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

गाजियाबाद  : 4 / नवंबर / 2026 :   गाजियाबाद जनपद में क्षय रोग (टीबी) से पीड़ित मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और उन्हें शीघ्र स्वस्थ करने के उद्देश्य से जिला संयुक्त चिकित्सालय परिसर में पोषण सहायता वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनिल कुमार यादव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पीएसआई इंडिया संस्था के सहयोग से 100 क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के साथ-साथ पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करना और स्वस्थ होने की प्रक्रिया को गति देना रहा।

कार्यक्रम में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनिल कुमार यादव ने मरीजों को संबोधित करते हुए कहा कि टीबी के उपचार में नियमित दवाओं के साथ संतुलित और पौष्टिक भोजन की अहम भूमिका होती है। पर्याप्त पोषण मिलने से शरीर की रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है और मरीज को बीमारी से उबरने में सहायता मिलती है।

उन्होंने सभी मरीजों से अपील की कि वे चिकित्सकों द्वारा निर्धारित अवधि तक नियमित रूप से दवाओं का सेवन करें और उपचार को बीच में किसी भी स्थिति में अधूरा न छोड़ें। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की सलाह का पालन करना और खानपान पर विशेष ध्यान देना उपचार की सफलता के लिए बेहद जरूरी है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टीबी लाइलाज बीमारी नहीं है, बल्कि समय पर जांच, नियमित उपचार और उचित पोषण के माध्यम से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। कार्यक्रम में पीएसआई इंडिया की ओर से नवीन बंसल के नेतृत्व में राधा शर्मा और पवन कुमार ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम समन्वयक राघवेंद्र सिंह ने किया।

वहीं, क्षय रोग विभाग की ओर से सुमन लता यादव और नागेंद्र सिंह ने आयोजन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से मरीजों को यह संदेश दिया गया कि टीबी से लड़ाई केवल दवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि बेहतर पोषण, परिवार का सहयोग और सामाजिक जागरूकता भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी विभागों, सामाजिक संस्थाओं और आमजन के सामूहिक प्रयासों से ही टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment