बुलंदशहर / खुर्जा : 4 / नवंबर / 2026 : देश में वर्तमान समय में सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर चिंता जताते हुए भारतीय किसान यूनियन देहात के जिला अध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने कहा कि आज देश में आपसी भाईचारा कमजोर होता जा रहा है। हर राजनीतिक पार्टी लोकतंत्र को बचाने की बात करती है, लेकिन आम आदमी, किसान, जवान और मजदूर की समस्याओं पर उतना ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जितना दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों और सेना के हितों पर भी गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है। किसान, जवान और मजदूर सुरक्षित एवं खुशहाल रहेंगे, तभी लोकतंत्र भी मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे लोकतंत्र का क्या लाभ, जिसमें आम आदमी के जीवन में खुशहाली न हो और समाज में आपसी भाईचारा कायम न रहे। आज जातियों में बांटकर राजनीति की जा रही है, जिससे समाज में दूरियां बढ़ रही हैं। हमें जाति और भेदभाव से ऊपर उठकर एकता, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना होगा।

इसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक दीपावली पर्व के अवसर पर प्रदीप चौधरी ने अपने आवास पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया। इसमें भाकियू भानू के जिला अध्यक्ष अजय ठाकुर, श्री हरिदास चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक सोनपाल चौहान, इंडियन वेटरन ऑर्गेनाइजेशन के वरिष्ठ संरक्षक लेफ्टिनेंट कर्नल जयराज शर्मा तथा प्रधान संगठन से गौरव जयराम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर तहसील अध्यक्ष राजेंद्र फौजी, सुदेश प्रधान, राजकुमार तिलकधारी, योगेश फौजी, पवन फौजी और अशोक अत्रि सहित अन्य लोगों ने भी अपने विचार रखे। विचार गोष्ठी में समाज में प्रेम, सद्भाव, एकता और भाईचारा बनाए रखने तथा किसान, जवान और मजदूर के हितों को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










