गाजियाबाद : 2 / अगस्त / 2026 : मेरठ रोड स्थित आर्य समाज नया आर्य नगर में आयोजित वेद प्रचार सप्ताह रविवार को वैदिक महायज्ञ, भजन और प्रेरक प्रवचनों के साथ श्रद्धा एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा परिसर गूंजायमान रहा और श्रद्धालुओं ने वेदों के ज्ञान तथा वैदिक संस्कारों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

वेद मनीषी आचार्य योगेंद्र याज्ञिक के ब्रह्मत्व में ऋग्वेदीय महायज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ में प्रशांत आर्य-शीतल आर्या, मोहित आर्य-कोमल आर्या, विजयपाल आर्य-रेखा आर्या, यशवीर आर्य एवं सपना आर्या मुख्य यजमान रहे। बिजनौर से पहुंचे पंडित नरेश दत्त ने वैदिक भजनों की मनोहारी प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। संबोधन में आचार्य योगेंद्र याज्ञिक ने कहा कि आर्य समाज राष्ट्र निर्माण के साथ समाज को संस्कारित करने का महत्वपूर्ण और सशक्त कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि मानव वेदों में निहित प्रेम, सद्भाव, सहयोग और शुद्ध आचरण के संदेश को अपने जीवन में उतारे, तो विश्व में शांति, भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने स्वामी दयानंद के कथन “जहां वेद नहीं, वहां वेदना होगी” का उल्लेख करते हुए सभी से वैदिक विचारों को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।

वैदिक विद्वान कृष्णमुनि ने वेद विद्या के प्रचार-प्रसार को समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताते हुए अधिक से अधिक लोगों तक वैदिक ज्ञान पहुंचाने पर जोर दिया। जिला आर्य सभा के प्रधान विजयपाल कसाना ने कहा कि जो लोग अपने पूर्वजों की परंपराओं, संस्कारों और श्रेष्ठ विचारों को आगे बढ़ाते हैं, उनका जीवन सुखी, समृद्ध और संस्कारमय बनता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सत्यवीर चौधरी ने की। जिला आर्य सभा के संरक्षक श्रद्धानंद शर्मा ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र कुमार पांचाल ने किया।
वेद प्रचार सप्ताह के समापन अवसर पर महानगर की विभिन्न आर्य समाजों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, गुरुकुल पटेल नगर के ब्रह्मचारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में वैदिक संस्कृति, ज्ञान, संस्कार और समाज सेवा का संदेश प्रमुखता से दिखाई दिया।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












