Home » उत्तर प्रदेश » अब बुजुर्गों को मिलेगी आरामदायक बैठकी, जीएच-7 सोसायटी में दो नए विश्राम स्थलों का शुभारंभ

अब बुजुर्गों को मिलेगी आरामदायक बैठकी, जीएच-7 सोसायटी में दो नए विश्राम स्थलों का शुभारंभ

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

गाजियाबाद : 2 / अगस्त / 2026 :  क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित जीएच-7 सोसायटी में वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा, सम्मान और बेहतर जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए दो अत्याधुनिक विश्राम स्थलों का शुभारंभ किया गया। सोसायटी की एओए द्वारा केंद्रीय पार्क के निकट वरिष्ठ पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग विश्राम स्थल तैयार कराए गए हैं, जहां बुजुर्ग आराम के साथ आपसी मेलजोल का आनंद ले सकेंगे।

इन विश्राम स्थलों में मजबूत लोहे का ढांचा, टिन की छत, छत के पंखे, बिजली की रोशनी, मोबाइल चार्ज करने की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए आकर्षक टाइल्स जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं की गई हैं। इन सुविधाओं का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को हर मौसम में आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे सुबह-शाम की सैर के बाद कुछ समय विश्राम कर सकें और एक-दूसरे के साथ सुखद समय बिता सकें।

सोसायटी अध्यक्ष डॉ. रोहित चौधरी ने बताया कि पार्क में वरिष्ठ नागरिकों के लिए लंबे समय से बेहतर बैठने की व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए एओए ने यह पहल की है। नए विश्राम स्थलों से बुजुर्गों को सुविधा मिलने के साथ-साथ उन्हें आपसी बातचीत और सामाजिक मेलजोल के लिए भी बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।

एओए सदस्य सुमित श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान एओए सोसायटी की आवश्यकताओं और निवासियों की सुविधा के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर रही है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए तैयार किए गए दोनों विश्राम स्थल इसी सकारात्मक सोच और सामुदायिक विकास की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम हैं।

शुभारंभ समारोह में वरिष्ठ पुरुषों और महिलाओं ने अपने-अपने विश्राम स्थलों का उद्घाटन किया। इसके बाद उपस्थित लोगों के लिए चाय, नाश्ता और मिठाई की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में एओए के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में सोसायटी के निवासी शामिल हुए।

उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुविधाजनक स्थान तैयार होने से सोसायटी में सामाजिक सौहार्द, आपसी जुड़ाव और सामुदायिक सहभागिता को और मजबूती मिलेगी। यह पहल बुजुर्गों के प्रति सम्मान और उनकी सुविधाओं को प्राथमिकता देने की दिशा में एक सराहनीय कदम के रूप में सामने आई है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment