बुलंदशहर : 3 / अगस्त / 2026 : बुलंदशहर जनपद के शिकारपुर थाना क्षेत्र के गांव बोहिच में सावन के पहले सोमवार को धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली एक घटना सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक युवक कथित रूप से भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा का अपमान करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवक स्वयं घटना का उल्लेख करता भी सुनाई देता है।
वीडियो वायरल होने के बाद गांव सहित आसपास के क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि सावन के पवित्र महीने में इस तरह की हरकत न केवल धार्मिक आस्थाओं का अपमान है, बल्कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का भी प्रयास है। ग्रामीणों ने आरोपी के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई इस प्रकार की हरकत करने का साहस न कर सके।
बताया जा रहा है कि बोहिच गांव बुलंदशहर के सांसद डॉ. भोला सिंह का पैतृक गांव है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।
बुलंदशहर पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर भड़काऊ या अपुष्ट सामग्री साझा न करने तथा शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












