खुर्जा : 3 / अगस्त / 2026 : चोला क्षेत्र के ग्राम नगला वंशी से होकर चोला रेलवे स्टेशन के किनारे गुजरने वाला और खुर्जा को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। करीब डेढ़ वर्ष पहले लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा बनाए गए इस मार्ग पर अब जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। हल्की बारिश के बाद भी सड़क पर लंबे समय तक जलभराव बना रहता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस मार्ग से नगला वंशी, शेरपुर, बहोराबास, नगला इलाहाबाद, कादीरपुर, दाउदपुर, खबरा, धरारी, चचोई, फराना तथा गंगरौल रेलवे हाल्ट सहित आसपास के कई गांवों के लोग प्रतिदिन नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली नौकरी के लिए आवागमन करते हैं। इसके अलावा ग्रामीण इसी रास्ते से खुर्जा जाकर घरेलू सामान की खरीदारी करते हैं तथा कृषि उपज को मंडी तक पहुंचाते हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर क्षेत्रीय विधायक, सांसद, जिलाधिकारी और एसडीएम सिकंदराबाद सहित संबंधित अधिकारियों को कई बार शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द मार्ग की मरम्मत कराकर आवागमन सुगम बनाने की मांग की है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












