गोरखपुर : 14 / मई / 2026 : खोराबार क्षेत्र के जंगल राम लखना गांव की अनुसूचित जाति की महिलाओं ने पट्टे की भूमि पर कब्जा न मिलने और दबंगों द्वारा निर्माण कार्य रुकवाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित महिलाओं का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे उन्हें लगातार अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
महिलाओं ने बताया कि उन्हें 24 अप्रैल 2026 को गाटा संख्या 1281 में पट्टा आवंटित किया गया था। उस समय तत्कालीन लेखपाल पवन यादव द्वारा मौके पर पहुंचकर सीमांकन कर कब्जा भी दिखाया गया था। इसके बाद सभी लोग अपने मकान निर्माण की तैयारी में जुट गए थे।
आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ दबंग किस्म के लोगों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया।

महिलाओं के अनुसार गुड्डू यादव पुत्र इंदल यादव, ओमप्रकाश यादव पुत्र लोरिक यादव, इंदल यादव पुत्र लोरिक यादव तथा अनिल निषाद पुत्र प्रकाश निषाद अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण सामग्री फेंकते हुए काम बंद करा दिया। विरोध करने पर महिलाओं के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ितों का आरोप है कि उक्त लोग संगठित गिरोह बनाकर गरीबों और कमजोर वर्ग के लोगों को परेशान करते हैं तथा काम कराने के बदले अवैध धन की मांग करते हैं। महिलाओं ने जिलाधिकारी से राजस्व टीम गठित कर दोबारा सीमांकन कराने और पट्टे की जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग की है।

जिलाधिकारी को ज्ञापन देने वालों में शीला, रीता, अशोक पुत्र छोटेलाल, बिंदेश्वरी पुत्र भगवान दास, वीगन पुत्र वसंत, राजा पुत्र नेवर, रक्षा, राधेश्याम पुत्र देवलाल, बच्चन पुत्र छबिलाल, आत्मा पुत्र बृजमोहन, कुशल पुत्र रामआधार, सरोज, बृजेश पुत्र खूबलाल, छोटेलाल पुत्र कुबेर, रामप्यारे पुत्र बृजमोहन, मनोज समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
![]()
