Home » नई दिल्ली » पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी की जयंती पर ओम बिरला ने दी श्रद्धांजलि

पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी की जयंती पर ओम बिरला ने दी श्रद्धांजलि

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

नई दिल्ली : 25 / जुलाई / 2026 :  पूर्व लोकसभा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ राजनेता सोमनाथ चटर्जी की जयंती के अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान संसद के वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों सहित कई गणमान्य लोगों ने भी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह ने भी पूर्व लोकसभा अध्यक्ष को श्रद्धांजलि दी।

25 जुलाई 1929 को असम के तेजपुर में जन्मे सोमनाथ चटर्जी ने पेशे से वकील रहते हुए वर्ष 1968 में सक्रिय राजनीति में कदम रखा। वर्ष 1971 में पहली बार लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद उन्होंने लगातार दस बार सांसद के रूप में अपनी सेवाएं दीं। 4 जून 2004 को उन्हें सर्वसम्मति से 14वीं लोकसभा का अध्यक्ष चुना गया। उन्होंने 31 मई 2009 तक लोकसभा अध्यक्ष के पद पर कार्य किया।

संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक मूल्यों और सदन में उच्च स्तरीय बहस के लिए सोमनाथ चटर्जी का योगदान उल्लेखनीय माना जाता है। संसद में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें वर्ष 1996 में उत्कृष्ट सांसद पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।

लोकसभा अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने संसदीय कार्यप्रणाली को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल कीं। जुलाई 2006 में 24 घंटे प्रसारण करने वाले लोकसभा टेलीविजन की शुरुआत और अगस्त 2006 में उच्च तकनीक वाले संसदीय संग्रहालय का उद्घाटन उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहा।

संविधान सदन में पूर्व लोकसभा कक्ष की बाहरी लॉबी में सोमनाथ चटर्जी का चित्र भी स्थापित है। इस चित्र का निर्माण चित्रकार मनीष कुमार राव ने किया था, जिसका अनावरण 10 फरवरी 2014 को तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने किया था।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment